बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

फिर लंदन में आतंकी हमला, लंदन ब्रिज पर पैदल यात्रियों पर चढ़ाई वैन तो रेस्तरां में लोगों पर चाकू से हमला, एक की मौत कई घायल

224

पटना Live डेस्क। 22 मार्च को लंदन की सड़कों पर बस दौड़ाकर मौत के घाट उतारने की आतंकी घटना को अभी लंदन वासी भूल भी नही पाए थे कि शनिवार का दिन लंदनवासियों के लिए एक बड़ी मुसीबत लेकर आया।लंदन ब्रिज पर कई पैदल यात्रियों को तेज रफ्तार एक वैन ने कुचल दिया तो वहीं एक रेस्तरां में एक युवक ने लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। यहां तीन अलग-अलग जगहों पर हुए हमलों में कई लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने इन्हें आतंकी हमले करार दिया है। मशहूर पर्यटक स्थल लंदन ब्रिज (टॉवर ब्रिज) पर शनिवार को एक तेज रफ्तार वैन ने पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। पुलिस इसे आंतकी घटना के रूप भी छानबीन कर रही है।फिलहाल लंदन ब्रिज को यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस घटना में एक आदमी के मारे जाने तथा करीब 10 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर है।इसके अलावा एक अन्य घटना में ब्रिज के ही नजदीक एक रेस्तरां में एक युवक ने वहां खाना खा रहे लोगों पर चाकू से हमला कर दिया है।इस घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। साथ ही यहां के वॉक्सहॉल इलाके में गोलीबारी के समाचार हैं।

                           जानकारी के मुताबिक भारतीय समय के अनुसार शनिवार की रात करीब तीन बजे लंदन ब्रिज पर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों की चहलकदमी थी।तभी एक तेज रफ्तार वैन आई और फुटपाथ पर पैदल यात्रियों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई. वैन की टक्कर से ब्रिज पर अफरातफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। एंबुलेंस गाड़ियों के द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अभी तक इस घटना के बारे में कोई अधिकारिक सूचना जारी नहीं की है।मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि उन्होंने कई लोगों को गंभीर हालत में देखा है।ब्रिज पर चारों तरफ हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी ही दिखाई दे रहे हैं।इसके अलावा लंदन ब्रिज के नजदीक ही दक्षिणी लंदन में खानपान के लिए मशहूर बॉरो मार्केट में एक रेस्त्रां में चाकूधारी युवक ने लोगों पर हमला कर दिया। यहां के इलियट कैफे में चाकूधारी युवक ने कैफे के वेट्रेस और एक अन्य आदमी पर चाकू से हमला कर दिया।युवक को हवा में चाकू लहराता देख बॉरो मार्केट में भगदड़ मच गई।बॉरो मार्केट के अलावा वॉक्सहॉल इलाके में भी हमले की ख़बरें मिल रही हैं।

 

Comments are closed.