बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG Breaking-पटना में बेख़ौफ़ अपराधियों ने घर से बुलाकर कंडक्टर को मारी गोली, परिजन का आरोप रंगदारी ख़ातिर हुआ मर्डर

731

पटना Live डेस्क। राजधानी पटना में अपराधियों के तांडव रूकने के नाम नही ले रहा है। वही पुलिस महज जाँच और जल्द गिरफ़्तारी की बात कह पल्ला झाड़ते नज़र आ रही है। इसी क्रम में बीती रात घर से बुलाकर अपराधियों ने बस कंडक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके की है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बड़ी पहाड़ी पर गंगा प्रदूषण प्लांट के पास खेत से शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खोखे भी बरामद किए हैं।

मृतक की पहचान अथमलगोला निवासी अशोक सिंह के रूप में की गई है। जो कर्णपूरा बैरिया इलाके में किराए के मकान में रहता था। वो बैरिया बस स्टैंड में जय माता दी ट्रैवल्स में कंडक्टर था। मृतक के परिजनों और सहकर्मियों ने हत्या का कारण रंगदारी बताते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के परिजन और सहकर्मी कुक्कू सिंह और नारायण सिंह ने बताया कि अपराधियों ट्रैवल एजेंसी से अवैध वसूली को लेकर आए दिन रंगदारी करते थे।

अशोक सिंह के साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि शनिवार की आधी रात को 7- 8 की संख्या में अपराधी अशोक सिंह को जबरन उसके घर से उठाकर ले गए। खेत में ले जाकर उसे गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों और सहकर्मियों ने पुलिस के सामने हत्यारों के नाम भी गिनाए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने हत्या की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

                 फिलहाल पुलिस मृतक के सहकर्मियों और परिजनों के बयान पर हत्यारों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments are closed.