बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

लखीसराय में 41 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

224

पटना Live डेस्क। लखीसराय जिले का बड़हिया गांजा तस्करी का हब रहा है। थाना क्षेत्र का जैतपुर गांव इसे लेकर लंबे समय से बदनाम रहा है। जैतपुर गांव से ही एक बार फिर बुधवार की देर रात 41 किलो 600 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह जमुई जिला के सनकुरहा के स्व लक्ष्मी सिंह के पुत्र दिलीप सिंह है। जैतपुर में दिलीप सिंह का ससुराल है। यहां ससुर एवं साला नहीं रहने के कारण वह यहीं आकर रहने लगा।
बड़हिया थानाध्यक्ष डीके पांडेय ने बताया कि दिलीप सिंह जैतपुर स्थित ससुराल में रहकर गांजा की तस्करी करने लगा। पुलिस को यह सूचना थी लेकिन मौके की तलाश में थी। बुधवार की देर रात सूचना मिली कि दिलीप सिंह अपने घर में है। लगभग दो बजे रात को एसआई शिव अमित प्रकाश कौशिक, रंजन कुमार, राकेश कुमार सहित पुलिस बल ने उसके घर की नाकेबंदी करके छापेमारी की। घर में बने तहखाने में छिपकर रखा उक्त गांजा को पुलिस ने बरामद कर लिया। साथ ही दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दिलीप सिंह के विरुद्ध केस दर्ज करके जेल भेजा जा रहा है।

Comments are closed.