बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

24 घंटे के अंदर सारण में दूसरी बड़ी वारदात, चुनाव से पहले मुखिया प्रत्याशी के ड्राइवर की हत्या

356

पटना Live डेस्क। पंचायत चुनाव को लेकर सारण में एक बार फिर बड़ी वारदात हो गई है। मुखिया प्रत्याशी के ड्राइवर की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आज मंगलवार को अभी-अभी हुई इस घटना से इलाके में सनसनी मच गई है। लोगों में प्रशासन के खिलाफ जबर्दस्त गुस्सा है। वे लोग सड़क पर उतर आए हैं। रोड जाम कर दिया है। प्रशासन के लोग उन्हें समझाने में लगे हैं। 24 घंटे के अंदर सारण में यह दूसरी बड़ी वारदात है। और 24 घंटे के बाद वहां चुनाव भी होना है।
मिल रही जानकारी के अनुसार, छपरा (सारण) के रसूलपुर पंचायत में अपराधियों ने मुखिया प्रत्याशी रीता देवी के प्रचार गाड़ी पर हमला कर दिया। इसमें उसके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें मुखिया प्रत्याशी रीता देवी के देवर मनोज प्रसाद गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। मृतक की पहचान परसागढ़ गांव निवासी प्रदीप पटेल के पुत्र रितेश पटेल के रूप में की गई है। हमला रसूलपुर-चैनपुर मार्ग पर किया गया है।
इधर, घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर दिया है। टायर जलाकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। साथ ही हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी पहुंच गए हैं। सड़क जाम समाप्त करने के लिए वे लोगों को समझा रहे हैं। लेकिन आक्रोशित लोग सड़क पर डटे हुए हैं।
बता दें कि सारण में यह 24 घंटे के अंदर दूसरी बड़ी वारदात हैं। बीती रात बनियापुर में भी सतुआ पंचायत में पूर्व मुखिया सुरेश प्रसाद पर बदमाशों ने हमला कर दिया था। बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर बम फेंका। इसमें वे बाल-बाल बच गए। लेकिन गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। खास बात कि 24 घंटे के अंदर यानी कल बुधवार को वहां पंचायत चुनाव के आठवें चरण की वोटिंग होनी है।

Comments are closed.