बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

समस्तीपुर में चिमनी भठ्ठा के नाइट गार्ड की गोली मार कर हत्या

370

पटना Live डेस्क। समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र के दुर्गपुर गांव स्थित एक चिमनी भठ्ठा के नाइट गार्ड की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। अपराधियों ने गुरुवार रात इस घटना को उस समय अंजाम दिया जब नाइट गार्ड बरामदे पर सो रहा था। अपराधियों ने उसकी छाती में गोली मार दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। नाइट गार्ड अजीत यादव (50) महुली गांव का निवासी था।
इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गयी। जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ गयी। लोग हत्या की घटना पर रोष भी जताते हुए वरीय पदाधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने और हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हालांकि हसनपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार के समझाने बुझाने सभी शांत हुए। उसके बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा।
ग्रामीणों ने बताया कि अजीत यादव वर्षों से उक्त चिमनी का नाइटगार्ड था। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव में किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। हत्या मामले में नाइट गार्ड अजीत यादव के पुत्र बतहू यादव ने प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें चार लोगों को नामजद किया है। उसने आरोपितों पर भूमि विवाद में अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। वह कई बिदुओं पर जांच करने के साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने हत्या मामले में नामजद किये गये लोगों का नाम बताने से परहेज किया। उन्होंने नामजद अभियुक्तों के नाम का खुलासा करने से जांच में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

Comments are closed.