बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

कटिहार मेयर हत्याकांड का मुख्य आरोपी नीरज पासवान गिरफ्तार

880

पटना Live डेस्क। कटिहार के मेयर शिवराज पासवान हत्याकांड में मुख्य आरोपी ड्राइवर टोला निवासी नीरज पासवान को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी में दबोचा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड में अबतक आठ नामजद समेत 12 लोगों की गिरफ्तार हो चुकी है। वहीं रिमांड पर ली गयी मनीषा से पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं।

नीरज पासवान रेलवे में नौकरी करता है और कोढ़ा विधान सभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कविता पासवान का भतीजा है। इसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने पश्चिम बंगाल के अलावा असम, झारखंड के साथ-साथ बिहार के कई जिलों में छापेमारी की। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर तरह-तरह के सवाल पुलिस पर उठने लगे थे। 12 नामजदों में से अंकित चौहान, सन्नी श्रीवास्तव, अभिषेक महतो के अलावा श्रीकांत श्रीवास्तव उर्फ टुनटुन श्रीवास्तव अभी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस दबिश बढ़ा दी है।

कटिहार रेल मंडल के एडीआरएम चौधरी विजय कुमार ने बताया कि रेल कर्मी नीरज पासवान एसएंडटी विभाग के माइक्रोवेब डिपार्टमेंट में टेक्निशियन के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार को सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि उसे मेयर हत्याकांड में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विभागीय सूचना मिलते ही उसे निलंबित कर दिया जाएगा। इस मामले में वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।

वहीं एसपी विकास कुमार ने कहा कि मेयर हत्याकांड में मुख्य आरोपी नीरज पासवान को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। फरार नामजद आरोपियों के गिरफ्तार नहीं होने पर इश्तहार, कुर्की की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। घटना को लेकर कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जिसे अनुसंधान पूरी होने तक सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है।

Comments are closed.