बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

बक्सर में अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या, इलाके में मची सनसनी

300

पटना Live डेस्क। बिहार में हत्या के मामले थम नहीं रहे हैं। अब बक्सर में हत्या की वारदात हुई है। बताया जाता है कि बक्सर के अहिरौली में अधेड़ व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि अहिरौली गांव में रहने वाले 60 वर्षीय श्याम बिहारी सहनी को देर रात कुछ लोगों ने मारपीट की। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चंद घंटे के बाद उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, श्याम बिहारी सहनी गांव के पास ही मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत बने नल-जल के ऑपरेट का कार्य करते थे। रात में टंकी के पास वह गये थे। किसी बात पर वहां पहले से मौजूद लोगों के साथ उनका विवाद हो गया।
लोगों के अनुसार, विवाद में लोगों ने उनके साथ मारपीट की। ईंट-पत्थर से भी उन्हें मारा गया। उन्हें गंभीर चोट लगी। चंद घंटे के बाद ही उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। उनके चारों बेटे बाहर रहते हैं। उनके दो बेटे गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि दो बेटे दुबई में काम करते हैं। दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में जीतन मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे के आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Comments are closed.