बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

अभी राम विलास पासवान के दिल्‍ली वाले बंगले में ही रहेंगे चिराग पासवान

720

पटना Live डेस्क। चिराग पासवान के विरोधियों के लिए बेचैन करने वाली खबर सामने आ रही है। दिल्‍ली में 12 जनपथ वाले राम विलास पासवान के नाम पर आवंटित बंगले में उनके बेटे चिराग पासवान अभी बने रहेंगे। फिलहाल, शहरी विकास मंत्रालय ने उन्हें अगले चार महीने तक इसमें रहने की इजाजत दी है। लोक जनशक्ति पार्टी में फूट के बाद कयास लगाया जा रहा था कि चिराग इसे बंगले से बेदखल कर दिए जाएंगे, क्योंकि यह आवास केंद्र सरकार के मंत्रियों या समकक्ष पदधारकों के लिए आरक्षित है। इस समय चिराग सिर्फ सांसद हैं। सांसद के नाते उनके नाम से दूसरा आवास आवंटित है। दो टर्म के सांसद चिराग हमेशा अपने पिता के आवास में ही रहे हैं।
दिल्‍ली में 12 जनपथ का यह बंगला सोनिया गांधी के 10 जनपथ वाले आवास के ठीक बगल में है। राम विलास पासवान 1991 में इस बंगला में आए। चिराग की उम्र उस समय आठ साल से कम थी। उनकी परवरिश इसी आवास में हुई। बंगला की पहचान इस रूप में थी कि अगर कोई कह रहा है कि वह 12 जनपथ जा रहा है तो इसका मतलब यह निकलता था कि वह राम विलास पासवान से मिलने जा रहा है। यही वजह है कि चिराग किसी भी हालत में इस आवास से बेदखल नहीं होना चाहते हैं। उन्होंने अपने स्तर पर इसे बचाने की कोशिश भी की। चिराग को इससे भी राहत मिली कि उनके चाचा पशुपति कुमार पारस ने प्रस्ताव मिलने पर भी इस आवास में रहने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि इस बंगले से उनके पिता तुल्य अग्रज राम विलास पासवान की यादें जुड़ी हैं। उन्होंने इस आवास को राम विलास पासवान स्मृति भवन में बदलने की सलाह भी दे दी।

Comments are closed.