बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

पोस्टर विवाद और आरसीपी सिंह पर पहली बार बोले उपेंद्र कुशवाहा

208

पटना Live डेस्क। जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा आज सोमवार को जहानाबाद के दौरे पर हैं। जहानाबाद में उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया जा रहा है। लोग बीच रास्ते में उन्हें रोक-रोक कर माला पहनाकर स्वागत कर रहे हैं। इसी क्रम में जहानाबाद में उन्हें मीडिया ने घेरा। पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने साफ कहा कि मुझे आरसीपी सिंह के दौरे की जानकारी नहीं है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि आरसीपी सिंह के आने की बिल्कुल जानकारी नहीं है। लेकिन उनके आने की यह जानकारी मुझे प्रेस और पोस्टर से मिली है। पटना में मेरे आवास के निकट के साथ ही अन्य जगहों पर उनके स्वागत के पोस्टर लगे हुए हैं। उससे मुझे जानकारी मिली है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है और पार्टी दो फाड़ भी नहीं है। यदि ऐसा कोई सोचता है तो वह गलतफहमी में जी रहा है।
उन्होंने पोस्टर पर फोटो नहीं रहने को लेकर कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। किसका फोटो रहे, किसका नहीं रहे, यह पार्टी तय करती है। हालांकि, पोस्टर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का फोटो तो रहना ही चाहिए। पोस्टर पर मेरा फोटो है या नहीं है, उसके बारे में हम कुछ नहीं बोल सकते हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने इसके पहले बाबा साहब भीमराव आंबेडकर और शहीद जगदेव प्रसाद की प्रतिमाओं पर माल्यर्पण किया। उन्हें नमन किया। उपेंद्र कुशवाहा का जदयू जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा और पूर्व शिक्षा मंत्री कृष्णनदन वर्मा ने स्वागत किया। इसके अलावा उन्होंने किसान आंदोलन के जनक, स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। मखदुमपुर में भी उपेंद्र कुशवाहा का जोरदार स्वागत हुआ।

Comments are closed.