बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG News – एमपी पप्पू यादव को वैशाली बंद कार्यक्रम से पहले मिली चेतावानी “जंदाहा न आए वहां आपके ऊपर गोली चलाएगा”

270

पटना Live डेस्क। वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड प्रमुख सह आरएलएसपी नेता की दिनदहाड़े प्रखंड कार्यालय में हुई निर्मम हत्या के विरोध में आज यानी गुरुवार 16 अगस्त को सांसद पप्पू यादव संरक्षक जन अधिकार पार्टी के नेतृत्व में वैशाली बंद का आह्वान किया है।
जाप के घोषित कार्यक्रम से ठीक कुछ घंटों पहले मधेपुरा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को व्हाट्स एप पर मैसेज भेजकर चेेेतावानी दी गई है कि वो “जंदाहा न आए वहां आपके ऊपर गोली चलाएगा”। दरअसल पप्पू यादव के नेतृत्व में राज्य में बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था के बिगड़े हालात और सियासी दलों से जुड़े लोगों की लगातार की हो रही हत्या को लेकर जाप ने आज वैशाली बंद का आह्वान किया है। बंद को सफल बनाने ख़ातिर  पप्पू यादव के नेतृत्व में जंदाहा में भी कार्यक्रम का आयोजन होना है।

              तय कार्यक्रम से कुछ घण्टे पहले मिली इस चेतावनी के बाबत सांसद ने खुद ट्वीट कर जानकारी साझा किया है। अपने ट्वीट में  पप्पू यादव ने लिखा है कि मुझे एक मैसेज आया है, जंदाहा न आए। वहां आपके ऊपर गोली चलाएगा ,साथ ही सवाल भी किया है कि – क्या आपका पप्पू इससे डरने वाला है ? फिर वो लिखते है कि – बिहार में महाजंगलराज़ मिटा कर रहेंगे। या तो अपराध और अपराधी रहेंगे या आपका यादव रहेगा। साथ ही साथ चेतवानी भरे मैसेज का पप्पू यादव ने स्क्रीन शॉट भी साझा किया है।                                          दरअसल, वैशाली जिले में जंदाहा प्रखंड प्रमुख मनीष साहनी की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी। 12 दिन पहले ही मनीष साहनी प्रखंड प्रमुख चुने गए थे। मुख्यालय परिसर में हत्यारों ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया जब वह गाड़ी से उतरकर अंदर जा रहे थे। हमलावरों ने उनके सीने से सटाकर गोली मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए भाग गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने थाने में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की। हालात इतने बेकाबू हो गए की पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लेकिन, फिर भी हालात नियंत्रण में नहीं आए तो पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। आरोप है कि पुलिस फायरिंग में छह लोगों को गोली लगी। इसमें एक की मौत की भी सूचना है। हालांकि, अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई। इलाके में पुलिस की ओर से 100 राउंड फायरिंग किए जाने की चर्चा है।                   वही, जाप के राष्ट्रीय संरक्षक पप्पू यादव सोमवार की आधी रात के बाद जंदाहा पहुंचे और पीड़ित परिजनों का ढाढ़स बंधाया। इसके बाद वे प्रमुख की हत्या के बाद हुए उपद्रव के दौरान गोलीबारी में मारे गए गुलशन सहनी का शव देखने सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। साथ ही महनार विधायक, जंदाहा बीडीओ व पूर्व प्रमुख पर हत्या कराने का आरोप लगाया। कहा कि प्रखंड प्रमुख मनीष की हत्या शिक्षक बहाली से जुड़ा है।                             उन्होंने कहा कि शासन-व्यवस्था से सरकार पूरी तरह से कंट्रोल खो चुकी है। यहां न तो मां-बेटी सुरक्षित हैं और न एमपी-एमएलए का विरोध करने वाले। जनता त्राहिमाम कर रही है। उन्होंने प्रमुख हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की। इसके लिए वे डीजीपी व गृह सचिव से मिलेंगे। सीबीआई जांच नहीं होने पर वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। सांसद ने जंदाहा थानाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों पर अविलंब कार्रवाई की मांग सरकार से की और सांसद ने प्रमुख हत्याकांड के विरोध में 16 अगस्त को वैशाली बंद की भी घोषणा भी की।

Comments are closed.