बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

धोनी को मिलेगा पद्म भूषण? बीसीसीआई ने की सिफारिश

206

पटना Live डेस्क। पूर्व में राजीव गांधी खेल रत्न और पद्मश्री से नवाजे जा चुके हैं धोनी को अब पद्म भूषण से सम्मानित करने ख़ातिर बीसीसीआई ने सिफारिश की है। अब यह फैसला गृह मंत्रालय को करना है कि धोनी को पद्म भूषण मिलेगा या नही? अपनी बल्लेबाजी और अनुभव के जरिए टीम इंडिया के बड़ी-बड़ी  मुसीबतों से निकालने वाले पूर्व कप्तान एमएस धोनी के लिए अच्छी खबर हैं। धोनी को अब देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान यानी पद्म भूषण से नवाजा जा सकता है। अब बीसीसीआई ने धोनी को पद्म भूषण अवॉर्ड देने की सिफारिश केन्द्र सरकार से की है। धोनी के अलावा बीसीसीआई ने पद्म पुरस्कारों के लिए कोई और नाम नहीं भेजा है।

धोनी के नाम की सिफारिश बीसीसीआई में आम सहमति के साथ की गई है। बोर्ड के एक पदाधिकारी ने पीटीआई को बताया है कि ‘ धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने आईसीसी का हर टूर्नामेंट जीता है। वनडे में वो करीब 10000 रन बना चुके हैं और 90 टेस्ट खेल चुके हैं। ऐसे में उनसे बेहतर कोई और नाम हो ही नहीं सकता था’।

इससे पहले धोनी को खेलों से जुड़ा सबसे बड़ा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और पद्म श्री  मिल चुका है।अगर धोनी को इस बार पद्म भूषण मिलता है तो वह इस सम्मान को पाने वाले उन क्रिकेटरों की लीग में शामिल हो जाएंगे जिसमें सुनील गावस्कर, कपिल देव , सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ शामिल हैं।इसमें से सचिन तेंदुलकर को भारत का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान यानी भारत रत्न भी मिल चुका है।

अब धोनी के नाम की इस सिफारिश को खेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय के पास भेजेगा जहां इस पर आखिरी फैसला होगा।धोनी ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 300 वनडे खेलने का रिकॉर्ड बनाया था।इसी के साथ वनडे में 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के इकलौते विकेट कीपर बने थे।

महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में चेपॉक स्टेडियम में ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया। धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच मेंमुश्किल हालातों में बल्लेबाजी करते हुए अपने इंटरनेशनल करियर का 100वां अर्धशतक लगाया।धोनी ने पहले वनडे में 79 रन की पारी खेली।

धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की सभी ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया है।साल 2007 में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्डकप चैंपियन बनी थी।वहीं साल 2011 में भारतीय टीम ने 28 साल बाद वनडे विश्वकप पर कब्जा जमाया था। इसके बाद धोनी की ही कप्तानी में भारत चैंपियंस ट्रॉफी का सरताज बना था।

 

Comments are closed.