बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

बिहार बाढ़ में 37 लाख आबादी प्रभावित, अब तक 23 की मौत

327

पटना Live डेस्क। बिहार में गंगा सहित कई प्रमुख नदियों के जलस्तर में हुई वृद्धि के बाद राज्य के 16 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इन जिलों के 2626 गांवों में करीब 37 लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है, जबकि 23 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, आपदा प्रबंधन विभाग का दावा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिल रही जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर, दरभंगा, खगड़िया, सहरसा, पटना, वैशाली, भोजपुर, लखीसराय, भागलपुर, सारण, बक्सर, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर, समस्तीपुर और पूर्णिया के 100 प्रखंड के अंतर्गत 719 पंचायत आंशिक या पूर्ण रूप से प्रभावित है।
16 जिले के 2626 गांवों में लगभग 37 लाख लोग प्रभावित हैं। जानकारी के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 13,5476 लोगों को निकाला गया है। जिन्हें बिहार की 74 राहत शिविरों में रखा गया है। 34,470 राहत शिविरों में आवासित बाढ़ पीड़ितों की संख्या है। बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आज 865 सामुदायिक रसोई चलाए गए। जिसमें 11,59,630 लोगों को दिन और रात मिलाकर भोजन दिया गया है।
बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 16 बाढ़ प्रभावित जिलों में आज 3045 नाव चलाई गई हैं। अब तक 23 लोगों की मौत बाढ़ की वजह से बिहार में हुई है। बाढ़ प्रभावित जिलों में एनडीआरएफ की 17 और एसडीआरएफ की 12 टीमों को राहत और बचाव कार्य के लिए लगाया गया है। इसके अतिरिक्त दो एनडीआरएफ और तीन एसडीआरएस की टीमों को अन्य बाढ़ जिलों के लिए प्री-पोजिशन किया गया है।

Comments are closed.