बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

बड़ी खबर – भोजपुर में सरेआम बसौरी पैक्स अध्यक्ष को गोलियों से भूना

349

पटना Live डेस्क। बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों का तांडव चरम पर है। जिले के पीरो अनुमंडल इलाके में गुरुवार को अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष को गोलियों से भून दिया। इस हत्याकांड को अपराधियों ने सरेआम अंजाम दिया और फरार हो गए। भोजपुर में सरेआम हत्या की यह पहली घटना नहीं है।पिछले महीने ही आरा रेलवे स्टेशन पर अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार कर हत्या कर दी थी। इन दिनों जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दे पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक मृतक पैक्स अध्यक्ष नागेश पांडेय उर्फ छोटकून अपनी कार से जैसीडीह से सिकरौल जा रहे थे। इसी क्रम में मनैनी गांव के पास उनकी गोली मार कर हत्या कर दी गई।अपराधियों ने उन्हें लगभग 6 गोलियां मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई की भी कुछ दिन पूर्व ही गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। नागेश्वर मूल रूप से सिकरौल के रहने वाले थे।वो बसौरी पैक्स के अध्यक्ष थे। घटना के वक्त वे पीरो थाना क्षेत्र के जैसीडीह गांव में अपनी रिश्तेदारी से अकेले अपने निजी वाहन अल्टो कार से लौट रहे थे। घटना का कारण सिकरौल गांव में एक ही जाति के दो गुटों के बीच वर्षों से चल रहा वर्चस्व बताया जा रहा है। हत्या की इस घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर ही शव को रोके हुए हैं। वहीं पीरो डीएसपी डॉ रेशु कृष्णा की देखरेख में कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर कैम्प कर रही है।

Comments are closed.