बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत ने न्यूजीलैंड को 7-1 से रौंदा

305

भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने आठवें सुलतान जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट में अपने विजय अभियान को जारी रखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 7-1 के बड़े अंतर से रौंद दिया। भारत ने अपने पहले मैच में कल मेजबान मलेशिया को 2-1 से हराया था। भारत अब छह अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। हालांकि जापान के भी दो जीत के साथ छह अंक हैं लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर भारत पहले और जापान दूसरे स्थान पर है। भारत और जापान के बीच मंगलवार को मुकाबला होगा।

मैच में भारत ने पूरी तरह अपना दबदबा बनाये रखा और आधे समय तक ही 4-0 की बढ़त बना ली। भारत की शानदार जीत में शिलानन्द लाकड़ा ने दो गोल दागे। भारत ने छठे मिनट में ही प्रभजोत सिंह के मैदानी गोल से बढ़त बना ली। शिलानन्द ने 15वें मिनट में मैदानी गोल से स्कोर 2-0 और हरमनजीत सिंह ने 21वें मिनट में मैदानी गोल से स्कोर 3-0 कर दिया।

फराज मोहम्मद ने 23वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर भारत का चौथा गोल दागा। शिलानन्द ने 43वें मिनट में स्कोर 5-0, अभिषेक ने 50वें मिनट में 6-0 और कप्तान मनदीप मोर ने 60वें मिनट में स्कोर 7-1 कर दिया। न्यूजीलैंड का एकमात्र गोल सैम हिहा ने 53वें मिनट में किया। न्यूजीलैंड को इस तरह लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

Comments are closed.