बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

नहीं रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह,सीएम नीतीश ने जताया शोक

640

पटना Live डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानन्द सिंह का आज निधन हो गया। पटना के सगुना मोड़ स्थित क्यूरिस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली है। उनके निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। कांग्रेस-जेडीयू के नेताओं ने जाकर अस्पताल में मुलाकात की थी। सदानंद सिंह के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व सीएम जीतन राम मांझी, कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्र, मंत्री संतोष मांझी, हम प्रवक्ता डॉ दानिश रिजवान ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

सीएम नीतीश ने शोक जताते हुए कहा कि स्वर्गीय सदानंद सिंह अनुभवी राजनेता थे। वे अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्य मंत्री भी रह चुके थे। उनसे मेरा व्यक्तिगत संबंध था उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। बिहार की राजनीति में उनका अहम योगदान था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। स्वर्गीय सदानंद सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति ईश्वर प्रदान करे। बिहार में पूर्व सीएम और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गहरी शोक जताया है। लालू यादव ने कहा कि सदानंद भाई हमारे गहरे मित्रों में थे। उनकी मौत से मैं अत्यंत दुखी एवं मर्माहत हूँ।साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री सदानंद सिंह जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

Comments are closed.