बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

शरद यादव से मिले राजद सुप्रीमो लालू यादव, कई मुद्दों पर की बात-चीत

680

पटना Live डेस्क। आरजेडी प्रमुख लालू यादव आज दिल्ली में वरीय नेता शरद यादव से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने जातीय जनगणना से लेकर पेगासस मामला तक पर बोले। बता दें कि लालू यादव की तबीयत में अब सुधार हो रहा है। कल सोमवार को वे सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव से मिलने के लिए गए थे। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर इस मुलाकात की जानकारी भी दी थी।

दिल्ली से मिल रही जानकारी के अनुसार, आरजेडी प्रमुख लालू यादव आज शरद यादव के आवास पर पहुंचे। उनके साथ आरजेडी के राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी मौजूद थी। दोनों नेता काफी देर तक मिले। देश की ताजा राजनीतिक स्थिति पर बात हुई। वहां से निकलने के दौरान लालू यादव ने मीडिया से भी बात की। पत्रकारों के पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शरद यादव हमारे सीनियर लीडर हैं। उनके बीमार होने और सांसद नहीं रहने से पार्लियामेंट सूना पड़ा हुआ है।मुलायम सिंह भी पार्लियामेंट नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी नेताओं के लोकसभा नहीं पहुंचने से देश के बड़े-बड़े मुद्दे गौण हो गए हैं। जातीय जनगणना हो या मंडल कमीशन का मामला हो, इस पर कोई आवाज उठाने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना होनी ही चाहिए। जाति आधारित जनगणना बहुत जरूरी है। वे शुरू से ही जातीय जनगणना कराने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेगासस मामले की जांच होनी चाहिए। साथ ही इसका प्रकाशन भी होना चाहिए। पता तो चले कि किस-किसका नाम है।

Comments are closed.