बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

अब नालंदा में डूब गए 5 बच्चे, तीन की मौत

361

पटना Live डेस्क। करमा-धरमा विसर्जन को लेकर बिहार में हादसे थम नहीं रहे हैं। अब तीसरे दिन भी डूबने की बड़ी घटना हो गई। तीसरे दिन नालंदा में बड़ा हादसा हो गया है। करमा-धरमा के विसर्जन के दौरान नालंदा में पांच बच्चे डूब गए। इसमें से एक लड़का और एक लड़की को तो लोगों ने बचा लिया। लेकिन तीन लड़कियों को लोग नहीं बचा पाए।
मिल रही जानकारी के अनुसार, नालंदा के बेन प्रखंड के बेनिया बिगहा गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब पांच बच्चे पूजा सामग्रियों के विसर्जन के दौरान मुहाने नदी में डूब गए। इसमें एक लड़का तथा चार लड़कियां शामिल थीं। लेकिन इनमें से दो को लोगों ने बचा लिया है। तीन लड़कियां अब तक नहीं मिली हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए हैं। गोताखोर भी लड़कियों की तलाश में जुट गए हैं। परिजनों के रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे उपस्थित लोगों के अनुसार, अनहोनी की आशंका है और तीनों के बचने की कोई उम्मीद नहीं है। अब उनके शव ढ़ूढे जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कल शुक्रवार को धरमा-करमा पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान बांका में इसी तरह की घटना हुई थी। उसमें भी पांच बच्चे धोरैया प्रखंड के श्रीपाथर गांव स्थित गहिरा नदी में डूब गए थे। इसमें तीन लड़कियों की मौत हो गई थी। जबकि दो बच्चों को बचा लिया था। इतना ही नहीं, बुधवार को मधेपुरा में भी धरमा-करमा के विसर्जन के दौरान पांच बच्चे डूब गए थे, जिनमें से किसी को भी नहीं बचाया जा सका था। मृतकों में चार लड़कियां व एक लड़के शामिल थे।

Comments are closed.