पटना Live डेस्क। बिहार के लाल फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से हर आमोखास न केवल दुखी है बल्कि उनके गमज़दा परिवार से हर कोई मिलना चाह रहा है। इसी कड़ी में दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के पटना स्थित आवास पर रविवार को फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर पहुंचे। नाना पाटेकर सुशांत के पिता केके सिंह से मिले और अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए पिता को संयम से रहने का आग्रह किया।
दरअसल, फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर दो दिन के दौरे पर बिहार आए हैं। वे शनिवार को मोकामा के औंटा गए हुए थे। वहां उन्होंने एक एनजीओ के कार्यक्रम में शिरकत की। साथ ही खेतों में भी घूमे। इसके अलावा इस मानसूनी मौसम में नाना पाटेकर खेत में हल भी चलाया। उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। वहीं रविवार को वे सेना के जवानों से भी मिले। सेना के जवानों ने नाना पाटेकर के साथ सेल्फी भी ली।
इसके बाद नाना पाटेकर पटना के राजीव नगर स्थित सुशांत सिंह राजपूत के घर पर पहुंचे। वे सुशांत के पिता केके सिंह से मिले। नाना ने सुशांत के पिता को धैर्य से काम लेने का आग्रह किया। कहा, सुशांत नेकदिल इंसान थे। उन्हें जरूर इंसाफ मिलेगा। पूरा देश सुशांत की मौत से दुखी है।
गौरतलब है कि इसके पहले भोजपुरी एक्टर व बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने उनके घर गए थे। बाद में भाेजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव, राकेश मिश्रा समेत अन्य लोग पहुंचे। राकेश मिश्रा ने तो यहां तक कहा कि सुशांत भैया की घटना से अब बॉलीवुड से अब डर लगने लगा है। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की। पिछले सप्ताह सुशांत के घर पर भोजपुरी एक्टर व सिंगर अक्षरा सिंह भी पहुंची थीं। उन्होंने भी पिता केके सिंह को सांत्वना दी थी।
Comments are closed.