बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG News – गणितज्ञ वशिष्ठ बाबू के निधन पर मर्माहत लालू यादव ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा- मौत सबको आनी है लेकिन

391

पटना Live डेस्क। झारखंड की राजधानी रांची रिम्स में इलाजरत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के बहाने बिहार की मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने डॉ सिंह के साथ मरणोपरांत किए गए व्यवहार पर दुख जताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। पूर्व मुख्यमंत्री के ट्विटर हैंडल से शुक्रवार को ट्वीट कर कहा गया, “कल (गुरुवार को) बिहार गौरव और हमारी सांझी धरोहर महान गणितज्ञ आदरणीय डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. मौत सबको एक ना एक दिन आनी ही है, लेकिन मरणोपरंत जिस प्रकार उनके पार्थिव शरीर के साथ असंवेदनशील नीतीश सरकार द्वारा जो अमर्यादित सलूक किया गया, वह अतिनिंदनीय है।’

एक अन्य ट्वीट में लिखा गया, “क्या बड़बोली डबल इंजन सरकार उस महान विभूति को एक एंबुलेंस तक प्रदान नहीं कर सकती थी? मीडिया में बदनामी होने के बाद क्या किसी के पार्थिव शरीर को बीच सड़क रोककर उन्हें श्रद्धांजलि देना एक मुख्यमंत्री को शोभा देता है? क्या अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मुख्यमंत्री उन्हें कभी देखने गए?”

एक अन्य ट्वीट में लालू प्रसाद ने राजद सरकार द्वारा सिंह के अच्छे अस्पताल में इलाज करवाने का दावा करते हुए कहा, “हमारे कार्यकाल में मैंने उनका अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज करवाया। उनकी सेवा करने वाले पारिवारिक सदस्यों को सरकारी नौकरी दी, ताकि वो पटना में उनकी अच्छे से देखभाल कर सकें। महान गणितज्ञ आदरणीय डॉ. वशिष्ठ बाबू को कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि।’

गौरतलब है कि डॉ़ सिंह का गुरुवार को पटना के PMCH अस्पताल में निधन हो गया था। निधन के बाद राजधानी में स्थित सूबे के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल ने बेहद असंवेदनशील रवैया अख्तियार करते हुए महान गणितज्ञ के शव को महज डेथ सर्टिफिकेट इशू कर दिया। जबकि उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रशासन उन्हें सही समय पर एंबुलेंस तक नहीं उपलब्ध करा सका।

 

Comments are closed.