बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG News – झारखंड के सरायकेला में पुलिस टीम पर नक्सली हमला, 2 ASI समेत कुल 5 जवान शहीद

284

●झारखंड के सरायकेला में नक्सली हमला, 5 जवान शहीद

●नक्सलियों ने घात लगाकर पुलिस टीम पर किया हमला

● वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लेकर फरार हुए

पटना Live डेस्क। झारखंड के सरायकेला इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पर बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में पेट्रोलिंग गाड़ी पर सवार झारखंड पुलिस के 5 जवान शहीद हो गए। जानकारी के मुताबिक सीमावती क्षेत्र तिरूडीह थाना के कुकडू साप्ताहिक हाट में पेट्रोलिंग के दौरान यह हमला हुआ। बताया जाता है कि 7 से 8 की संख्या में अपराधी बाइक पर सवार थे और पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

जिस वक्त नक्सलियों पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पर हमला किया उस वक्त इस पेट्रोलिंग गाड़ी में 6 पुलिसकर्मी सवार थे। फायरिंग होते ही जवानों ने भी मोर्चा संभालने की कोशिश की।  लेकिन नक्सलियों की तरफ से हो रही भीषण फायरिंग के बीच मोर्च संभालने से पहले ही वे उनकी गोलियों के शिकार हो गए। ताजा जानकारी के मुताबिक इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए। यह घटना तिरूडीह थान इलाके में हुई। कुकडू सप्ताहीक हाट तिरूडीह थाना से 7 किलोमीटर की दूरी पर है ।

नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद उनके हथियार भी लूट लिये। इन हथियारों में इंसास राइफल भी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरायकेला में नक्सली हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। दुख की इस घड़ी में समस्त झारखंडवासी और सरकार शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के साथ है। राज्य में अंतिम सांसें गिन रहे नक्सलवादियों ने बौखलाहट में घटना को अंजाम दिया है। इस घटना से राज्य सरकार और सुरक्षाकर्मियों का मनोबल न टूटेगा और न ही विचलित होगा। सरकार कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। नक्सल हमले में मारे गए जवानों के नाम, एएसआई गोवर्द्धन पासवान, एएसआई मनोधन हांसदा, युधिष्ठिर मालूआ, डिब्रु पूर्ति और धनेश्वर महतो है।

मई में नक्सलियों ने सरायकेला किये 3 हमले 

03 मई को नक्सलियों ने खूंटी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत खरसावां में भाजपा के चुनावी कार्यालय पर हमला किया था। 20 मई को हुडांगदा सूरू सिंचाई परियोजना में भी नक्सलियों ने धमाके किए थे। इनमें 3 जवान जख्मी हुए थे।29 मई को खरसावां-कुचाई के सीमावर्ती क्षेत्र में कोबरा और झारखंड जगुआर के जवानों को निशाना बनाकरनक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया था, इसमें 25 जवान घायल हुए थे। वे सभी रायसिंदरी पहाड़ी पर सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस वाहन से लौट रहे थे।

Comments are closed.