बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG News-बुरे फसे चिराग पासवान, बागी भाई प्रिंस पर रेप तो बड़े भैया पर धमकाने को लेकर मामला दर्ज़

दो सांसद भाइयों पर कनॉट प्लेस थाने में दर्ज़ हुआ FIR, समस्तीपुर से लोजपा सांसद प्रिंस राज के खिलाफ दिल्ली के रेप का दर्ज हुआ मामला तो बड़े भाई पर धमकाने का आरोप

852

पटना Live डेस्क। दिल्ली पुलिस ने तीन महीने पहले एक महिला की शिकायत के आधार पर बिहार के समस्तीपुर से लोजपा सांसद प्रिंस राज के खिलाफ कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में रेप मामला दर्ज किया है।ये FIR 9 सितंबर को दर्ज हुआ है। बता दें कि प्रिंस राज पासवान लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान (Chirag Paswan) के चचेरे भाई हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पासवान के भतीजे हैं। इस मामले में उनके बड़े भाई चिराग पासवान पर भी धमकाने का आरोप लगाया जा रहा है। लोजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष राजू तिवारी (Raju Tiwari) का कहना है कि चिराग को इस मामले की जानकारी थी। पीड़‍िता ने उनसे मिलकर इस बाबत शिकायत की थी। इसके बाद उन्‍होंने दोनों पक्षों को बैठाकर बात कराई थी और आपस में रजामंदी नहीं होने पर पुलिस तक जाने की सलाह दी थी। राजू ने कहा कि चिराग पर मामले को दबाने का आरोप बेबुनियाद है।

कनाट प्‍लेस थाने में दर्ज हुई है प्राथमिकी

                दिल्‍ली के कनाट प्‍लेस थाने में यह मामला 9 सितंबर को दर्ज किया गया है। इसमें प्रिंस के खिलाफ आइपीसी के अंतर्गत दुष्‍कर्म, आपराधिक साजिश और सबूतों को नष्‍ट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़‍ित युवती ने कई महीने पहले ही पुलिस से इसकी शिकायत की थी। चिराग पर अपने भाई को बचाने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।युवती ने शारीरिक शोषण करने व वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक मामला दर्ज कराने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई थी।

लंबे समय तक प्रिंस के साथ रह चुकी है युवती

आपको बता दें कि यह मामला काफी पुराना है और प्राथमिकी कोर्ट के आदेश के बाद 9 सितंबर को दर्ज हुई है। पीड़‍िता काफी लंबे समय से दिल्‍ली के थानों का चक्‍कर लगा रही थी। इस बाबत उसने कई बार इंटरनेट मीडिया और समाचार संगठनों के जरिए आरोप लगाया था कि राजनीतिक प्रभाव के चलते पुलिस उसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है। वह कई टीवी डिबेट में भी शामिल हो चुकी है। उसने खुद बताया था कि वह प्रिंस राज के साथ लंबे समय तक रही है। दिल्‍ली की यह लड़की लोकसभा चुनाव के दौरान प्रिंस के समर्थन में प्रचार करने के लिए समस्‍तीपुर भी आई थी।

चिराग की चिट्ठी से खुला मामला 

यह मामला चिराग पासवान की चिट्ठी के बाद खास तौर पर चर्चा में आया था। पार्टी में टूट के बाद चिराग ने एक चिट्टी अपने इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल से जारी की थी। इसमें उन्‍होंने लड़की का नाम लेते हुए बताया था कि कैसे उन्‍होंने इस मामले में अपने चचेरे भाई प्रिंस राज की मदद की थी। चिराग ने चिट्ठी जारी कर यह बताने की कोशिश की थी कि वे अपने परिवार के लिए हमेशा खड़े रहे, बावजूद चचेरे भाई प्रिंस राज और चाचा पशुपति पारस ने उन्‍हें दगा दे दिया। हालांकि बाद में मामला तूल पकड़ने के बाद चिराग ने पहली चिट्ठी को हटाते हुए दूसरी चिट्टी भी जारी की थी, जिसमें युवती का नाम हटा दिया गया था।

 

महिला का आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद अपने चचेरे भाई प्रिंस के खिलाफ कार्रवाई में पासवान ने देरी की। दिल्ली की एक अदालत के निर्देश पर पुलिस ने 9 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की। दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस उन 5 लोजपा सांसदों में एक हैं, जिन्होंने इस साल जून में चिराग के नेतृत्व के खिलाफ पार्टी में बगावत की थी।

सांसद प्रिंस ने किया आरोपों का खंडन

 

सांसद प्रिंस ने 10 फरवरी को शिकायतकर्ता के खिलाफ एक्सटॉर्शन की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि मुझे पता चला है कि एक महिला ने मुझ पर कुछ आरोप लगाए हैं। हमने 10 फरवरी को ही शिकायत दर्ज की थी और पुलिस के सामने सभी सबूत पेश किए थे। लोजपा सांसद प्रिंस ने 17 जून को ट्वीट करके महिला के आरोपों का खंडन किया था। उन्होंने कहा था कि शिकायतकर्ता महिला के सभी आरोप मनगढंत और उनके प्रोफेशनल करियर के खिलाफ आपराधिक साजिश का हिस्सा हैं।

बेहोशी के हालत में किया शोषण

पीड़िता के मुताबिक वह लोजपा की कार्यकर्ता थी। पीड़िता की ओर से आरोप लगाया गया था कि बेहोशी के हालत में उसके साथ शोषण किया गया था। महिला ने कहा कि वह डर गई थी और प्रिंस उसके घर पर शारीरिक संबंध के लिए देर-सवेर आने लगे, जिसकी जानकारी उन्होंने चिराग को भी दी थी, लेकिन जब वह 15 जनवरी को चिराग से मिली तो उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज न करने और इसे सुलझा लिये जाने की बात की थी। पीड़िता के मुताबिक ‘जब मैंने फरवरी में पार्टी छोड़ दी उसके बाद प्रिंस ने मेरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।’

सियासी गलियारे में सक्रिय रही है पीड़िता

लोजपा सांसद पर प्राथमिकी दर्ज करने वाली युवती दिल्‍ली के राजनीतिक गलियारे में लगातार सक्रिय रही है। प्रिंस राज से नजदीकियों के वक्‍त वह लोजपा के लिए काम करती थी। पासवान परिवार के लगभग सभी सदस्‍यों के संपर्क में वह रही है और उसका दावा है कि प्रिंस राज के साथ उसके संबंधों के बारे में उनके परिवार के सभी सदस्‍यों को जानकारी भी है।

Comments are closed.