बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

BiG News – जज पर होमगार्ड ने तानी रायफल FIR दर्ज, बेसुध हालत में मिला जवान इलाज जारी SP ने बनाई जांच कमेटी

835

पटना Live डेस्क। वर्त्तमान में बिहार में गज़ब अज़ब कांड सुर्खियां बटोर रही है। मधुबनी में जज साहब पर कथित तौर पर उनके सरकारी दफ्तर में दारोगा व सिपाही ने अपशब्दों की बौछार करते हुए पिस्टल तानने का वाकया अभी लोग भूल भी न पाए है कि खगड़िया में फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश राज कुमार पर उनके आवास की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के एक जवान ने रायफल तान दी। प्रधान न्यायाधीश राज कुमार के अनुसार जवान वीरेंद्र सिंह से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उन्होंने इस बाबत मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज करवाई है। वही, हालांकि होमगार्ड जवान को भी जज के आवास में बेसुध हाल में पाया गया। इलाज के लिए बेगूसराय के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही, तैनात बाकी के संतरियों ने परिचारी प्रवर से जाकर कहा है कि हमें जज साहब के यहां ड्यूटी नहीं करनी।

राइफल सटा गोली मारने की बात कही 

जज साहब ने मुफस्सिल थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वे मंगलवार को टहलने के बाद लौटे तो गेट पर किसी संतरी को नहीं पाया। गैरेज में होमगार्ड के जवान वीरेन्द्र सिंह खड़े थे। पूछा कि गेट पर क्यों नहीं हैं तो कहा कि यह हमारी ड्यूटी नहीं है। आवास की सुरक्षा पर ध्यान देने की बात कही तो गैरेज से बाहर निकलकर सीने पर राइफल सटा गोली मारने की बात कही। इस आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

                       मंगलवार को घटना की खबर लगते ही पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। खुद एसपी अमितेश कुमार ने मामले की जांच के लिए एक इंस्पेक्टर को भेजा। इंस्पेक्टर ने पाया कि होमगार्ड जवान बेहद डरा सहमा हुआ एक कुर्सी पर बैठा था। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उसे बेगूसराय रेफर कर दिया।

3 लोगों की कमेटी करेगी मामले की जांच

एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश के साथ होमगार्ड जवान ने बदतमीजी करते हुए उन पर राइफल तान दी थी। मामले की जांच के लिए जब एक अधिकारी को वहां भेजा गया तो जवान एक कुर्सी पर बेसुध पड़ा हुआ था। संभवत: उसे चोट लगी थी और उसके साथ मारपीट भी की गई थी। पूरे मामले की जांच के लिए 3 लोगों की कमेटी बनाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकता है। उधर, मुफस्सिल थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि मामले में सुसंगत धारों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।खगड़िया मुफस्सिल थाना कांड संख्या 85/2022 दर्ज किया गया है।आवेदन को नगर थाने को फॉरवार्ड कर दिया गया है।

वीरेन्द्र सिंह की बुरी तरह से पिटाई की गई

              दूसरी तरफ, जज के यहां प्रतिनियुक्त होमगार्ड के जवान हीरालाल वर्मा, लालचंद यादव, महेश्वर दास व विजय कुमार राय ने परिचारी प्रवर को आवेदन देकर ड्यूटी से विरमित करने की मांग की है। उनलोगों ने आवेदन में कहा कि पूर्व से उनलोगों के साथ अभद्र व्यवहार हो रहा है। सुबह में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान वीरेन्द्र सिंह की बुरी तरह से पिटाई की गई है। चोट के कारण मुंह से खून की उल्टी भी हो गई। जवान का बेगूसराय में इलाज चल रहा है। होमगार्ड जवान संघ के प्रदेश अध्यक्ष देशबंधु आजाद व अजय मिश्र ने एसपी अमितेश कुमार से मिलकर अपनी बात रखी। कहा कि पहले से ही वहां होमगार्ड के जवान ड्यूटी करने से कतराते रहे हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद आगे की प्रक्रिया

फ़ाइल फ़ोटो

                डीएम डॉ. आलोक रंजन घोष व एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि इस मामले की तीन सदस्यीय टीम जांच करेगी। एसपी ने बताया कि फैमिली कोर्ट के जज द्वारा सूचना मिली कि होमगार्ड ने उन पर हथियार तान दिया। इस पर विशेष कार्य पदाधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर को वहां भेजा गया। वहां होमगार्ड जवान चेटिल व सहमा बैठा था। स्थिति संदेहास्पद दिखी। एडीएम, डीएसपी हेडक्वार्टर व होमगार्ड कमांडेंट विस्तृत जांच के बाद मामले पर रिपोर्ट देंगे। इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी।

जज बोले – ऐसी घटनाएं होती रहती हैं

                     फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश राज कुमार ने पहले पूरे घटना से ही इनकार किया। लेकिन जब उन्हें बताया गया कि एसपी पूरे मामले की पुष्टि कर रहे हैं तो कहा कि जब वो कर रहे हैं तो फिर आपको शक है क्या? कहा कि ऐसी बहुत सी घटनाएं होती रहती हैं। लोग प्रोपगेंडा बनाते रहते हैं। लेकिन इन बातों को अन्यथा नहीं लेंगे।

Comments are closed.