बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

बड़ी खबर -अंतर्जातीय प्रेम विवाह करना युवक को पड़ा मंहगा,लड़की के भाई ने युवक को मारी गोली

275

पटना Live डेस्क। कहते है सिनेमा समाज का आईना होता है। तभी तो एक फ़िल्म में नायक नायिका के प्रेम कहानी में आये अड़चन पर एक गाना फिलमाया गया जिसके बोल रहे “इश्क करोगे तो दर्द मिलेगा”। यह बेहद चर्चित गाना इश्क के दीवानों में बेहद अहमियत रखते हुए बतौर तकिया कलाम की शक्ल अख़्तियार कर चुका है। ठीक ऐसा ही कुछ वाक्या पटना जिले के खुसरुपुर थाना अंतर्गत घटित हुआ है। जानकारी के अनुसार अंतर्जातीय प्रेम विवाह करना एक युवक को बेहद मंहगा पड़ गया जब लड़की के भाई ने ही युुुुवक को गोली मार दी। गोली लगने से जख्मी युवक का इलाज पटना के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। प्यार मोहब्बत में हुई खुरेजी की इस घटना की पुष्टि करते हुए खुसरुपुर थानेदार मृत्युंजय कुमार ने बताया कि गोलीबारी में घायल युवक का बयान लेने का प्रयास किया जा रहा है।                                                                       घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र बैकठपुर निवासी युवक मुकुल कुमार का पड़ोस में रहने वाली वर्षा के बीच आशनाई चली आ रही थी। समय के साथ ही दोनों की मोहब्बत परवान चढ़ने लगी और फिर दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें भी खाई और फिर एक माह पूर्व बालिग प्रेमी जोड़े ने जातपात की दीवार कों तोड़ते हुए हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार मंदिर में अंतर्जातीय प्रेम विवाह कर लिया। साथ ही साथ कानूनी प्रक्रिया भी अपनाते हुए कोर्ट मैरिज भी कर लिया और बतौर पत्नी पति जीवन की डोर बांध ली। लेकिन इस विवाह का लड़की पक्ष यानी वर्षा के परिजन विरोध करते हुए, शादी के बाद दोनों को जबरन परिवार से अलग कर दिया था।                                इस प्रेमविवाह को लेकर मुकुल और वर्षा के परिजनों में तनाव बना हुआ था। तनाव के बावजुद दोनों के परिवार के बीच रोज ब रोज एक दूसरे से आमना सामना हो ही जाता था। लेकिन, बुधवार की रात मुकुल और वर्षा के भाई कुणाल का आमना सामना हुआ तो दोनों के बीच बकझक शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों के बीच ठेला ठेली होते होते मामला इतना संगीन हो गया और कुणाल ने मुकुल पर गोली चला दी। जिससे वह घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी थी। वही, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घायल का फर्द बयान आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।               
वही,इस खुरेजी की घटना के बाद से दोनों गुटों में तनाव व्याप्त है। ऊपर से तो माहौल बिल्कुल शान्त है पर अंदर ही अंदर दो पक्षो के बीच तुर्शी अपने चरम पर है। घटना के बाद से माहौल की गंभीरता को देखते हुए खुशरूपुर थाना अध्यक्ष द्वारा किसी भीअनहोनी से निबटने के लिए मौके पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया है। इधर, इस घटना के बाद से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इधर प्रेमयूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रेम कुमार ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से प्रेमी युगल को अविलंब सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Comments are closed.