बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

तेजस्वी पर बरसे मंत्री संजय झा, कहा- ‘संकट आते ही भाग जाते हैं दिल्ली

277

पटना Live डेस्क। बिहार में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो गई है। एक साथ इतने मौत से राज्य में हड़कंप मचा हुआ है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक गोपालगंज और बेतिया में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है। इस बीच बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा का बड़ा बयान सामने आया है। साथ ही उन्होंने उपचुनाव में हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दिल्ली लौटने पर भी तंज कसा है।
उपचुनाव में मिली हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दिल्ली लौटने पर बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा है कि यह हमेशा देखा गया है कि बिहार में जब कोई बड़ी समस्या आती है तो तेजस्वी यादव यहां मौजूद नहीं रहते हैं वह दिल्ली भाग जाते हैं। चाहे कोरोना के समय में हो या बाढ़ के समय में वो यहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि संकट के समय लोगों के साथ खड़ा होने की जगह तेजस्वी यादव को सोशल मीडिया में ज्यादा दिलचस्पी रहती है। वो फेसबुक और ट्विटर पर ज्यादा दिखते हैं उन्हें इस बात की ज्यादा दिलचस्पी रहती है कि कितना लाइक आया कितने लोगों ने रिप्लाई किया।
बिहार में सरकार गिरने के सवाल पर जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार 2025 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे, जनता ने इस बात पर मोहर लगा दिया है। जिनको सपना देखना है वह देखें। साथ ही जहरीली शराब से मौत के मामले पर संजय झा ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है पुलिस अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा है कि जो भी दोषी होंगे उनपर सख्त कार्रवाई होगी।
बता दें कि गोपालगंज के मोहम्मदपुर के मोहम्मदपुर गांव और कुशहर गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि आधिकारिक रूप से 11 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। गोपालगंज में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जबकि बेतिया में 11 लोगों की संदिग्ध मौत होने से इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं उपचुनाव में मिली हार के बाद राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी यादव दिल्ली लौट चुके हैं।

Comments are closed.