बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

लोजपा के एक और नेता जेडीयू में हुए शामिल, ललन सिंह ने दिलायी सदस्यता

199

पटना Live डेस्क। पूर्व एमएलसी व लोजपा नेता विनोद कुमार सिंह अपने समर्थकों संग जेडीयू में शामिल हो गए। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी। इस मौके पर मंत्री अशोक चौधरी, संजय झा समेत प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। विनोद सिंह के साथ मधुबनी लोजपा चिराग गुट के जिलाध्यक्ष बचनु मंडल भी जेडीयू में शामिल हो गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि विनोद सिंह के आने से पार्टी और मजबूत होगी। हमलोग मिलकर जेडीयू को नंबर वन पार्टी बनाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 15 सालों से बिहार के विकास के लिए काम किया है। उनके कार्यो को जन जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। साथ ही बूथ स्तर पर जेडीयू को मजबूत करने का काम किया जाएगा।
वहीं रोजगार कहां है के विपक्ष के सवाल पर पलटवार करते हुए ललन सिंह ने कहा कि 2005 से लेकर अबतक कितने लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए गए। लेकिन जो लोग 9वीं पास है वो लोग रोजगार की बात करते हैं, शोभा नहीं देता है। उनके माता-पिता के 15 सालों के शासन काल में मात्र 53 हजार शिक्षक थे। लेकिन वर्तमान सरकार के शासनकाल में 3 लाख से ऊपर शिक्षक नियुक्त किए जा चुके हैं।
उधर जेडीयू में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए विनोद सिंह ने कहा कि उनकी घर वापसी हुई है। पहले से ही उनका दिल जेडीयू के साथ था। फिर से अपने परिवार में शामिल होकर बहुत खुशी महसूस हो रही है। बता दें कि लोजपा नेता विनोद सिंह को पार्टी ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में टिकट भी दिया था। वे लंबे अर्से तक लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य और प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं। लोजपा से जुड़ने से पहले वे JDU में थे। लेकिन पाला बदल कर लोजपा में शामिल हुए थे। एक बार फिर से पूर्व एमएलसी पाला बदलकर JDU में शामिल हो गए हैं।

Comments are closed.