बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

चुनाव जीतने के बाद हुई जबरदस्त शराब पार्टी, पुलिस पहुंची तो बोल दिया हमला, 8 जवान घायल

554

पटना Live डेस्क। बिहार में जारी पंचायत चुनाव के बीच तरह-तरह की घटनाएं रोज हो रही हैं। एक बार फिर इसका खामियाजा पुलिस के जवानों को भुगतना पड़ा है। मुजफ्फरपुर के झिटकहिया गांव में निवर्तमान उप मुखिया सह नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य के घर रविवार देर रात पुलिस ने छापेमारी की। शराब नहीं मिली। छापे से भड़के लोगों ने पुलिस को बंधक बनाकर पीटा। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची और लाठीचार्ज की। पुलिस पर भी लाठी डंडे व पत्थरों से हमला किया गया। इस दौरान करीब दस से 12 राउंड फायरिंग हुई। हमले में दारोगा, महिला सिपाही समेत 8 जवान घायल बताये गये हैं। तीन की हालत गंभीर बतायी गई है। सभी का इलाज सकरा अस्पताल में चल रहा है।


घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय ने बताया कि शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई टीम को बंधक बनाकर पीटा गया। दूसरी टीम जब छुड़ाने पहुंची तो फिर हमला कर दिया गया। उपद्रवियों की ओर से फायरिंग की सूचना मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने दी है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इधर, घटना के बाद उपद्रवी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। घायल लोग पुलिस कार्रवाई की डर से अज्ञात स्थानों पर इलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने लाठीचार्ज की जिससे उपद्रव हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। दोनों ओर से फायरिंग के आरोप-प्रत्यारोप के बीच इलाके में दहशत का माहौल देर रात तक बना रहा। मौके पर पुलिस कैंप कर रही है।

Comments are closed.