बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

वीरेंद्र पासवान के बाद आतंकियों ने जम्मू में गोलगप्पे बेचने वाले बांका के अरविंद साह को मारी गोली

714

पटना Live डेस्क। 5 अक्टूबर को ही भागलपुर के वीरेंद्र पासवान ने आतंकी हमले में अपनी जान गंवा दी थी अब बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र की महुआ पंचायत के पड़घड़ी गांव निवासी युवक अरविंद कुमार साह की शनिवार को जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी सूचना युवक के साथ रह रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को फोन पर दी। युवक की हत्या की खबर पर परिजन सहित पूरा गांव दहल गया।


मृतक के परिजनों ने बताया कि पड़घड़ी गांव निवासी देवेंद्र साह का चौथा पुत्र अरविंद कुमार साह विगत आठ वर्षो से जम्मू में रह रहा था। वह वहां चाट व फुचका की दुकान चलाता था। उसका भाई मंटू साह भी साथ ही रहता था। लॉकडाउन में अरविंद घर आ गया था। तीन माह पूर्व वह पुन: जम्मू चला गया। उसकी अब तक शादी नहीं हुई थी।
वह हर माह अपने माता पिता को रुपए भेजता था। इधर शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही युवक चंदन साह का उसके पिता को फोन आया कि अरविंद को गोली लगी है तथा उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर दी गई। अरविंद की मौत की खबर पर कोहराम मच गया।
पिता देवेंद्र साह, माता सुनैना देवी, भाई डबलू साह, मुकेश साह सहित अन्य परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव गूंज उठा। देखते ही देखते दर्जनों लोगों की भीड़ मृतक के घर उमड़ पड़ी। लोगों को जब अरविंद की मौत की सूचना मिली तो पूरा गांव गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र साह मजदूरी कर अपने परिवार को पालता था। अरविंद इस परिवार का इकलौता सदस्य था जो जम्मू में रहकर कमाता था।
आपको बता दें कि अरविन्द के शव को बिहार लाया जाएगा और यहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Comments are closed.