बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

Big News – एडिनसन कवानी ने खत्म किया पुर्तगाल का फ़ीफ़ा 2018 का सफर और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर

369

पटना Live डेस्क।रसिया में जारी फीफा वर्ल्ड कप 2018 के नॉकआउट दौर के दूसरे मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को दो बार की चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ 2-1 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे प्री क्वार्टर फाइनल मे पुर्तगाल की हार की कहानी उरुग्वे के एडिनसन कवानी ने दो गोलों ने लिख दी। कवानी ने मैच के 7वें मिनट में पहला गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में 1-1 की बराबरी करने के बाद वापसी करती दिख रही पुर्तगाल के खिलाफ 62वें मिनट में दूसरा गोल कर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। मैच में पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जादू नहीं चला।
मैच के चौथे मिनट में पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो गोल करने के बेहद करीब पहुंचे थे लेकिन वो गोल नहीं कर सके। गेंद सीधे गोलकीपर के हाथों में पहुंची। लेकिन इसके कुछ ही मिनट बाद एडिनसन कवानी ने मैच के सातवें मिनट में लुई सुआरेज के शानदार क्रॉस पर हेडर जड़ते हुए उरुग्वे को 1-0 से शुरुआती बढ़त दिला दी। सुआरेज मैच के शुरुआती मिनटों में बेहतरीन लय में नजर आए लेकिन कोई गोल नहीं कर सके। 14वें मिनट में वो एक बार फिर गोल के करीब पहुंचे लेकिन पुर्तगाली डिफेंस ने उन्हें गोल करने से रोक दिया।                                   पुर्तगाल के 1-0 से पिछड़ने के बाद मैच की रफ्तार थोड़ी कम हो गई। ऐसे में 32वें मिनट में हाथ आई फ्री किक को पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो गोल में तब्दील नहीं कर सके। गेंद सीधे डिफेंस वॉल पर जा टकराई। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने की कोशिश करती रहीं लेकिन पहला हाफ उरुग्वे की 1-0 की बढ़त के साथ सामाप्त हुआ।                             दूसरे हाफ में नए सिरे से मैदान पर उतरी पुर्तगाली टीम ने गोल करने के मौके तलाशने शुरू किए। उनके हाथ पहला मौका 54वें मिनट आया लेकिन गोल करने की इस कोशिश के नाकाम होने के 1 मिनट बाद ही (55वें मिनट) पेपे ने शानदार हेडर के जरिए गोल करते हुए पुर्तगाल को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। पेपे के शॉट का उरुग्वे के गोलकीपर के पास कोई जवाब नहीं था। उरुग्वे के लिए मैच में पहला गोल करने वाले कवानी पुर्तगाल की बराबरी को ज्यादा देर तक बर्दाश्त नहीं कर सके। उन्होंने 64वें मिनट में बेनटेनकुर के क्रॉस को शानदार अंदाज में पुर्तगाल के गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया और एक बार फिर उरुग्वे को बढ़त दिला दी। 68वें मिनट में पुर्तगाल के बर्नांडो सिल्वा ने बराबरी का अच्छा मौका गंवा दिया। उन्होंने डी के सामने गेंद पर प्रहार तो किया लेकिन गेंद गोल पोस्ट के ऊपर से काफी ऊपर से निकल गई। इसके बाद आखिरी तक दोनों टीमें गोल करने की पुरजोर कोशिश करती रहीं लेकिन किसी के हाथ सफलता नहीं लगी। इस हार के साथ पुर्तगाल के 33 वर्षीय कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर खत्म हो गया।                            

Comments are closed.