बेधड़क ...बेलाग....बेबाक

लालु के रिश्तेदार और अन्य में जमकर गोलीबारी,4 को लगी गोली

450

पटना Live डेस्क। राजद सुप्रीमो लालु यादव के गृह जिले गोपालगंज में पुरानी रंजिश को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई।जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मालिकाना गांव में शुक्रवार को पूर्व के रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी में 9 लोग घायल हो गए।घायलों में दो की हालत गंभीर है। डॉक्टर ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। रंजिश का कारण जमीनी है।
राजद प्रमुख लालू यादव के रिश्तेदार जगन्नाथ यादव का अपने ही पड़ोसी मोतीचंद यादव से पलानी की जमीन को लेकर पिछले 3 साल से विवाद चल रहा है।मोतीचंद गांव के ही सुरेंद्र सिंह के यहां रहकर हल चलाता है। तीन दिन पहले जगन्नाथ यादव के परिवार के रविंद्र यादव से उसकी मारपीट हो गई थी। सुरेंद्र सिंह ने इस घटना का विरोध किया था। इसी बात को लेकर सुरेन्द्र सिंह और जगन्नाथ यादव के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई।
शुक्रवार को रास्ते से आने-जाने को लेकर फिर से विवाद हुआ और दोनों ओर से गोलीबारी होने लगी। गोलीबारी में नीतेश सिंह, राहुल सिंह, संजू देवी,संजय सिंह,गप्पू सिंह, सुरेंद्र सिंह, मीना देवी और रिश्तेदारी में आई एक लड़की रिशु कुमारी घायल हो गए। घायलों में नीतेश और राहुल की हालत गंभीर है।
घटना की सूचना मिलते ही मांझा थानाध्यक्ष रामसेवक रावत और सीओ राजेश कुमार ने वहां पहुंचकर मामले को नियंत्रित कर वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। एसडीओ शैलेश कुमार दास और एसडीपीओ मनोज कुमार भी पहुंच गए और बरौली, मोहम्मदपुर, थावे सहित पांच थानों की पुलिस को बुला लिया गया।
उक्त घटना को अंजाम देने वाले राजद प्रमुख के रिश्तेदार बताए जाते हैं। वे लालू के साढू लगते हैं। पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद एसपी रविरंजन कुमार ने मांझागढ़ थाने पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली और एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए। रतिकांत यादव, पंकज यादव उर्फ दीपू, अम्बिका यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Comments are closed.